फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: पुरा महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, छह लाख शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत/बालैनी। पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। वहां सुबह से भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की दो किमी लंबी लाइन लगी रही। मंदिर में मंगलवार को छह लाख से ज्यादा कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
विज्ञापन

पुरा महादेव मंदिर में चल रहे चार दिवसीय श्रावणी मेले में दूसरे दिन कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में त्रयोदशी का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से लाइन लगनी शुरू हो गई थी। कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की लाइन परशुराम खेड़ा तक पहुंच गई और वहां लाइन में लगने के करीब चार घंटे बाद जलाभिषेक का नंबर आया। इसके बाद ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए लाखों कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया।
वहां भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाने के लिए मंदिर में आरएएफ के साथ ही पीएसी के जवान तैनात किए गए, जबकि पुलिस को बाहर की तरफ लगाया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंगलवार देर शाम तक मंदिर में छह लाख कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया है। वहीं डीएम अस्मिता लाल व एसपी सूरज कुमार राय ने मंदिर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। इनके बाद डीआईजी कलानिधि नैथानी व मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद भी निरीक्षण करने पहुंचे। वह काफी देर तक वहां रहे और कांवड़ियों के साथ ही सुरक्षा कर्मियों से बातचीत की।
विज्ञापन



मेले में कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने की खरीदारी
पुरा महादेव मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं व कांवड़ियों ने खरीदारी की। जहां महिलाओं ने घरेलू सामान के अलावा मूर्ति, माला, सिंदूर आदि सामान खरीदा, वहीं उनके साथ आए बच्चों ने खिलौने लिए। वहां भीड़ को देखते हुए दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे।


कांवड़ियों के लिए पंखे और पीने के पानी की व्यवस्था रही
बालैनी। पुरा महादेव मंदिर में इस बार गर्मी को देखते हुए लाइनों में लगे कांवड़ियों के लिए ठंडी हवा के लिए जगह-जगह वाटर कूलर लगाए गए हैं ताकि उन्हें गर्मी में परेशानी न हो। साथ ही सभी कांवड़ियों को पीने का पानी वितरण किया जा रहा है। जन कल्याण सेवा भारती संस्था की ओर से मंगलवार को एक लाख से अधिक पानी की बोतलें वितरित की गईं।


झंडा पूजन के बाद शुरू हुआ चतुर्दशी का जलाभिषेक
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर झंडा पूजन शुरू हुआ और चार बजकर 35 मिनट पर झंडारोहण करने के बाद चतुर्दशी का जलाभिषेक शुरू किया गया। चतुर्दशी पर जलाभिषेक करने के लिए कांवड़िये मंदिर में रुकना शुरू हो गए थे क्योंकि काफी कांवड़िये अपनी मन्नत के अनुसार चतुर्दशी का जलाभिषेक करते हैं। झंड़ारोहण के बाद कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें