बागपत के दोघट के गांगनौली-दोघट मार्ग पर गांगनौली के निकट लूट का विरोध करने पर नकाबपोश बदमाशों ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दोघट पुलिस ने घायल युवक को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया।
रहतना निवासी जितेंद्र का बेटा आकाश अपनी रिश्तेदारी में तुगाना गांव बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह दोघट-गांगनौली मार्ग पर गांगनौली के निकट पहुंचा तो पीछे से आ रहे नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवर टेक कर रोका और बाइक लूट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने आकाश पर गोली चला दी। जिसके छर्रे आकाश को लग गए। आकाश के शोर मचाने पर राहगीरों को अपनी तरफ आता देख बदमाश निकल भागे और आकाश का मोबाइल लूट ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया। घायल ने बदमाशों के खिलाफ दोघट थाने में तहरीर दी। इस संबंध में दोघट थाना प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया तहरीर लेकर बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।
330 पेटी शराब पकड़ी
बागपत। पुलिस और आबकारी की टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान शराब से भरे कैंटर को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि कैंटर से 330 पेटी शराब बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक गौरीपुर मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से एक कैंटर आया। मुखबिर की सूचना पर चालक को कैंटर रोकने का इशारा किया। चालक कैंटर को लेकर भागने लगा। पीछा करने पर उसको पकड़ लिया। चेकिंग की तो उसमें शराब लदी हुई थी। कोतवाल के अनुसार कैंटर में 330 पेटी देसी शराब मिली है। शराब के साथ पानीपत के गांव कलियाना निवासी सुरेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी शराब कहां लेकर जा रहा था। इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।