बागपत। पाली गांव में धार्मिक स्थल पर विशेष समुदाय के युवकों ने लघुशंका कर दिया। इसको लेकर ग्रामीणों और हिंदू संगठन के लोगों ने भारी हंगामा किया। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस से उनकी काफी नोकझोंक हुई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पाली में रविवार की शाम एक गाड़ी में सवार होकर आए एक समुदाय के युवकों ने धार्मिक स्थल पर लघुशंका कर दिया। पड़ोस के लोगों ने उनको देख लिया। इसको लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। बाद में आरोपी कार लेकर भाग गए। यह मामला गांव में आग की तरह फैल गया। सोमवार सुबह धार्मिक स्थल के पास ग्रामीण और विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान लोगों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देखकर वहां पर खेकड़ा, चांदीनगर समेत आसपास के थानों की पुलिस पहुंची।
एसडीएम मनोज कुमार और सीओ श्वेताभ पांडेय ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। बाद में गांव के कुलदीप चौहान की तहरीर पर महताब पुत्र यूसुफ और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा की दृष्टि से वहां पर पुलिस तैनात है। उधर, पुलिस ने आरोपी युवक महताब को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा पकड़े गए आरोपी महताब को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेजा। गांव में पूरी तरह से शांति का माहौल है।
भाजपा नेता योगेश धामा ने
किया लोगों को समझाने का प्रयास
बागपत। हंगामा कर रहे लोगों के बीच भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी योगेश धामा पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
माहौल बिगाड़ने की हो रही कोशिश
बागपत। ग्रामीणों ने कहा कुछ लोग गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हैं। गांव का माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा और न ही गलत कार्य बर्दाश्त होगा।
पुलिस ने नहीं लगने दिया जाम
बागपत। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस वालों ने उनको समझा-बुझाकर शांत कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने जाम नहीं लगाया।