बड़ौत। घर बैठे रुपये कमाने का लालच लोगों को एक बार फिर ले डूबा। बड़ौत में श्रीराम ट्रेडर्स मैसेज सेंडिंग कंपनी ने सैकड़ों लोगों से इसी नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
सोमवार को घर और दफ्तर पर ताला लटका मिला तो कंपनी का शिकार हुए लोगों ने हंगामा किया। दफ्तर के शीशे तोड़ दिए। थाने का घेराव किया। इस दौरान पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने बामुश्किल लोगों को समझाकर शांत किया। आरोपी हरियाणा के अंबाला के रहने वाले बताए गए हैं। सीओ कर्मवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी।
बड़ौत के कोताना रोड पर दिसंबर 2016 में श्रीराम ट्रेडर्स एसएमएस सेंडिंग जॉब के नाम से कंपनी खोली गई । कंपनी के संचालकों ने 55 सौ रुपये प्रत्येक सदस्य से लिए, इसमें पांच सौ रुपये सदस्यता और पांच हजार मोबाइल सिम के थे। इसी माह सात अप्रैल को विशेष ऑफर में सदस्यता शुल्क घटाकर ढाई हजार किया। रविवार को कंपनी के दफ्तर और संचालकों के घर पर लोगों को ताला लटका मिला।
सोमवार को सिम खरीदने और रिचार्ज कराने के लिए करीब 22 सदस्य पहुंचे, लेकिन कंपनी के दफ्तर पर ताला लटका मिला। दुकान की मालिक महिला ने ताला खोला तो दफ्तर से सारा सामान गायब था। नाराज लोगों ने यहां लगे शीशे तोड़ दिए। सदस्यों ने बताया बड़ौत की आवास विकास कॉलोनी के निकट स्थित घर का कुछ लोगों ने ताला तोड़कर देखा, जहां कमरा खाली मिला। इसके बाद लोगों ने कोताना रोड पर हंगामा किया। पुलिस ने बामुश्किल लोगों को समझाया। इसके बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचे और घेराव किया।
इस दौरान लोगों की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। यहां पहुंचे 22 पीड़ितों ने कंपनी संचालक अंबाला निवासी मोहित मलिक, विजय राजपूत और शीशपाल के खिलाफ तहरीर दी। हंगामा करने वालों में पूजा कुमारी, अंकित, प्रवीण, मुकेश, विनोद, टिंकू, तुषार, फिरदोस, प्रीति, रीता, उषा, सचिन, प्रवेश, मनीष आदि रहे।
आनलाइन ट्रैडिंग में महिलाएं अधिक
बड़ौत। फरवरी में नोएडा की सोशल ट्रेडिंग कंपनी के जाल में भी बागपत के सैकड़ों लोग फंसे थे। इनमें 29 लोगों ने हिम्मत कर तहरीर दी, इसके बाद अलग-अलग थानों में मुकदमें दर्ज हुए थे। मैसेज कंपनी के जाल में फंसे पीड़ितों में युवतियां और महिलाएं भी हैं। महिलाएं घर बैठे पैसा कमाने के चक्कार में इस कंपनी के जांच में फंसे। पूजा ने बताया उनके घर पर प्रचार सामग्री के माध्यम से ऑफर भेजा गया था। इसके बाद परिवार के सदस्य जुड़ते चले गए। इसके अलावा लोगों ने खुद के साथ अपने रिश्तेदारों को भी इससे जोड़्ा।