बागपत। शहर के चमरावल रोड पर महिला थाने के पास कंप्यूटर कैफे का बुधवार की रात में ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। इस वारदात की पुलिस से शिकायत की। इससे पहले भी पड़ोसी दुकान में चोरी की वारदात हो चुकी है।
बागपत नगर पालिका के कर्मचारी बिजेंद्र सिंह ने बताया उसने अपने बेटे चक्षु की एक माह पहले चमरावल रोड पर परफेक्ट सेंटर ऑन लाइन वर्क की दुकान कराई । बुधवार को शाम के समय बेटा कैफे बंद करके घर में आ गया था। बृहस्पतिवार को सुबह के समय कैफे पर पहुंचा तो कैफे के ताले टूटे और सामान गायब मिला। उनका कहना है कि देर रात चोरों ने कैफे से 4 कंप्यूटर, 8 एलईडी, एक प्रिंटर समेत करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चक्षु ने बताया इससे पहले भी एक बार दुकान का ताला टूटा मिला था, उस समय सामान चोरी नहीं हुआ था। डेढ़ माह पूर्व पड़ोसी मिठाई की दुकान में चोरी की वारदात हो चुकी है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस कंट्रोल रूम पर किया फोन, नहीं हुआ रिसीव
बागपत। पीड़ित ने कहा पुलिस कंट्रोल रूम पर कई बार फोन किया, लेकिन रिसीव नहीं किया। इसको लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।