अफसरों से नोकझोंक करते ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
बागपत के रमाला में एसडीएम के निर्देश तहसीलदार पुलिस बल के साथ बुधवार को किशनपुर गांव में पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। तहसीलदार ने दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाने और कोर्ट का निर्णय मानने के निर्देश दिए।
बुधवार को एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार राज बहादुर सिंह, सीओ बड़ौत कर्मवीर सिंह, इंस्पेक्टर बड़ौत मुकेश कुमार, इंस्पेक्टर रमाला शरद तिलारा पुलिस बल के साथ किशनपुर गांव में पहुंचे। गांव में उन्होंने बनाएं गए रास्ते को लेकर दोनों पक्षों से बातचीत की और वहां पर खड़ी बुग्गी को गली से बाहर निकलवाया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की ग्रामीणों के साथ नोंकझोंक भी हुई। तहसीलदार ने ग्रामीणों को फिलहाल तोड़ी गई दीवार यथा स्थिति रखने के निदेश दिए हैं। दोनों पक्षों से बातचीत कर तय किया कोर्ट जो निर्णय लेगा, वह मान्य होगा। तब तक दोनों पक्ष शांत रहे। ग्रामीणों के साथ वार्ता करके अधिकारी गांव से लौट गए।
इसकी सूचना मिलते ही छपरौली से नवनिर्वाचित विधायक और रालोद नेता सहेंद्र सिंह रमाला भी गांव में पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों के साथ बातचीत कर आपसी तौर पर विवाद को समाप्त करने की अपील की।
उल्लेखनीय है किशनपुर गांव में होली / धुलेंडी के दिन कश्यप बिरादरी के मोहल्ले में दीवार तोड़कर रास्ता बनाने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने कश्यप समाज के लोगों के साथ मारपीट की। कश्यप समाज के लोगों ने मंगलवार को तहसील में धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और न्याय की गुहार लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए थे।