बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर स्थित ढाबे पर खाना खाने को लेकर हुए विवाद में क्राइम ब्रांच की सर्विलांस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट आरोपियों को जेल भेजा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
सर्विलांस टीम के एसआई अनुराग शर्मा, सिपाही सुनील कुमार, मनोज कुमार, जहांगीर पंवार और देवेश कुमार गुरुवार की रात में करीब 11 बजे शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर स्थित एर ढाबे में खाना खाने के लिए पहुंचे। वहां पर पहले ही खाना खा रहे कुछ युवकों से उनकी मामूली कहासुनी हो गई थी।
बाद में दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था। ढाबे से निकलने के बाद युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इससे सिपाही सुनील घायल हो गया था। इतना ही नहीं उनसे पिस्टल लूटने तक का प्रयास किया था।
पीछा कर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया था। इससे वहां हंगामा हो गया था। घायल सुनील ने कोतवाली में बागपत की न्यू कॉलोनी निवासी नीरज, विकास उर्फ विक्की, अर्जुन पुरम निवासी अमित, बाघू गांव के दो सगे भाई सचिन व जगह सिंह, दिल्ली के दुर्गापुरी निवासी राहुल त्यागी और मुजफ्फरनगर के सिसौली निवासी सत्ते के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपी नीरज, विक्की और अमित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।