बड़ौत। सांसद आदर्श गांव पलड़ी में पिछले कई महीनों से विद्युत निगम के ठेेकेदार मनोज के कुछ लोग विद्युतीकरण का कार्य कर रहे हैं। रविवार की देर शाम भी कर्मचारी विद्युतीकरण के कार्य में लगे थे। तभी वहां से गुजर रहे कुछ नशेड़ियों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर नशेड़ी युवकाें ने ठेकेदार के कर्मचारी गौरव आदि को घेरकर उनकी धुनाई शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने शोर मचाया तो काफी संख्या मेें लोग वहां पर एकत्र हो गए और नशेड़ियों को घेर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में शिव कुमार चौधरी के आवास पर आयोजित पंचायत में नशेड़ियों ने माफी मांगते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की बात कहीं। लोगों ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। पंचायत में ग्राम प्रधान के पति श्रीपाल, बाबूराम, दिनेश कुमार, शिव कुमार चौधरी, रामगोपाल आर्य आदि रहे। इस घटना के कारण गांव में कई घंटे तनाव की स्थिति रही।