बालैनी क्षेत्र के एक गांव की सातवीं की छात्रा के साथ बुजुर्ग ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी को आसपास के लोगों ने पकड़ कर धुना।
गांव के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। पंचायत ने कहा आरोपी को गांव में रहने का हक नहीं है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित कक्षा सात की छात्रा है। वह रविवार को सुबह करीब आठ बजे कूड़ा डालने के लिए खेत में गई थी।
वहां गांव के ही 68 वर्षीय वृद्ध छात्रा को ईख के खेत में ले गया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़ा और धुनाई करते हुए गांव में लेकर आए। इसको लेकर गांव में पंचायत हुई। पंचायत में भी आरोपी की धुनाई की गई। कुछ लोगों ने कहा आरोपी वृद्ध पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है। उसे गांव में रहने का हक नहीं है।
इसे लेकर पंचायत में विचार ही चल रहा था। कुछ लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित पक्ष ने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति रही। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी वृद्ध को हिरासत में ले लिया।
बालैनी थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने कहा आरोपी वृद्ध के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज कर लड़की को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। गांव में पंचायत की केवल अफवाह है। उधर, ग्राम प्रधान ने कहा बच्ची से दुराचार की कोशिश करने के आरोपी की धुनाई की है। इस मामले को लेकर कुछ लोग एकत्र भी हुए थे। वे उस समय गांव से बाहर गए हुए थे।