बागपत/अमीनगर सराय। बागपत-मेरठ रोड पर सिंघावली अहीर थाने के पास मैजिक गाड़ी से युवती को खींच तीन युवकों ने कपड़े फाड़कर अश्लील हरकत की। बाद में मारपीट कर उससे ढाई हजार रुपये छीनकर भाग गए। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
बड़ौत क्षेत्र की युवती के शिकायत पत्र के मुताबिक वह 12 मार्च को बागपत से मेरठ मैजिक गाड़ी में सवार होकर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी सिंघावली अहीर थाने से मात्र 200 मीटर आगे पहुंची, तभी बाइक पर सवार होकर तीन लोग एक महिला के साथ आए। आरोपियों ने उसको जबरदस्ती गाड़ी से उतार लिया। सरेआम रोड पर उसके कपड़े फाड़ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी की। जाते समय उससे ढाई हजार रुपये छीनकर ले गए। पुलिस अफसरों से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सिंघावली अहीर थाने में आरोपी प्रवीन, रोबिन, नरेंद्र और रेनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। थाना पुलिस का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला से दुष्कर्म की कोशिश, केस दर्ज
छपरौली। क्षेत्र के एक गांव में तीन युवकों ने एक महिला के साथ मारपीट कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी युवक भाग गए। महिला के परिजनों ने थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर दिनेश वशिष्ठ ने बताया महिला की तहरीर पर एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शीघ्र की उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।