चरमराई बिजली आपूर्ति को लेकर ग्राम गोठरा के किसानों ने खेकड़ा बिजलीघर पर एसएसओ को बंधक बना लिया। प्रदर्शन कर पाबी फीडर को डेढ़ से दो घंटे के बजाय शेड्यूल के अनुसार दस घंटे आपूर्ति देने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसडीओ ने किसानों जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
शनिवार की दोपहर करीब बारह बजे क्षेत्र के ग्राम गोठरा के किसान वाहनों में सवार होकर खेकड़ा में पाठशाला मार्ग स्थित बिजलीघर पर पहुंचे। विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। साथ ही एसएसओ को बंधक बना कर बिजली घर के बाहर बैठ गए।
सूचना पर एसडीओ एचके गुप्ता दोपहर करीब एक बजे बिजलीघर पहुंचे। किसानों ने कहा कि विद्युत निगम द्वारा दस घंटे सभी फीडरों को बिजली आपूर्ति का शेड्यूल जारी किया है, लेकिन उन्हें मात्र डेढ़ से दो घंटे ही आपूर्ति दी जा रही है। इससे खेतों में खड़ी फसलें सूखकर बर्बाद हो रही है। वह लापरवाही बर्दाश्त नही करेंगे। एसडीओ ने विद्युत आपूर्ति में जल्द ही सुधार कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद किसान वापस लौटे। इस दौरान रामबीर सिंह, संजीव, बरचंद, लोकेश, संजय, कपिल, धीरज, दीपक, नीरज, प्रधान भोपाल सिंह, राजेंद्र, सुनील, नरेंद्र, सोनू आदि मौजूद रहे।