फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इज्जत की खातिर बहन की हत्या  

Sat, 11 Mar 2017 11:21 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
आसिफ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बागपत। इज्जत की खातिर बहन को किसी से मोबाइल फोन पर बात करते देख नाराज भाई ने घर के बरामदे में उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात के बाद हत्यारोपी चाकू लेकर सीधे कोतवाली पहुंचा और पुलिस के सामने अपने जुर्म को कबूल कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
विज्ञापन


शहर के देवी चौक मोहल्ला निवासी  महबूब उर्फ पप्पू की कॉस्मेटिक की दुकान है। शनिवार रात उसके परिवार के अधिकतर सदस्य एक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। घर पर उसकी तीस साल की बेटी सायरा उर्फ बुद्धो अकेली थी। रात करीब पौने नौ बजे सायरा का भाई आसिफ घर पहुंचा। उसने देखा कि सायरा मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही है। इस पर वह गुस्से से लाल हो गया। इससे पहले सायरा कुछ समझ पाती कि आसिफ ने उसकी गर्दन पर चाकू से प्रहार करने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में सायरा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर खुद ही 150 मीटर दूर कोतवाली पहुंच गया। पुलिस को चाकू दिखाते हुए बहन की हत्या करने की बात बताई, तो पुलिस के हाथ पैर फूल गए। सीओ श्वेताभ पांडेय, कोतवाल अरुण कुमार और पुराना कसबा चौकी इंचार्ज एमपी सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मृतका के परिवार को भी बुलाया गया है। बहन के कहीं फोन करने को लेकर विवाद था। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उधर, एसपी अजय शंकर ने बताया कि भाई-बहन की किस बात को लेकर कहासुनी हुई, इसकी जांच कराई जा रही है।

हमारी सुनती नहीं थी, इसलिए काट दी गर्दन
बागपत। कोतवाली में बैठे आसिफ के चेहरे पर बहन की हत्या का कोई अफसोस नजर नहीं आया। बोला कि वह  परिवार की सुनती नहीं थी, उसके फोन से परिवार दुखी था। चाल-चलन पर भी सवाल खड़ा किया। पिता ने अपने बेटे के खिलाफ हत्या की तहरीर दे दी है। देवी चौक मोहल्ले के महबूब के घर में एकाएक चीखें गूंज उठी। इससे पहले कोई कुछ समझता आसिफ को चाकू लेकर घर से लोगों ने निकलते देखा। वह सीधे कोतवाली पहुंचा। लोग घर में घुसे तो सायरा की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। पुलिस और मीडिया के सामने आसिफ ने कहा कि वह बहन के फोन से दुखी था, वह परिवार की सुनती नहीं थी। इसलिए उसे मारना पड़ा। जिस वक्त वह घर में घुसा तब भी सायरा फोन पर बात कर रही थी, आवाज भी दी, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। इस कारण उसे गुस्सा आया और सायरा पर चाकू से प्रहार कर दिए। घर के लोग दावत में गए हुए थे, इसलिए वह बचाव तक भी नहीं कर सकती। आरोपी के चेहरे पर पछतावे का कोई भाव नहीं दिखा। महबूब ने बेटी की हत्या के मामले में आसिफ के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


दो बार हो चुका था निकाह
महबूब अपनी बेटी सायरा का इससे पहले दो बार निकाह कर चुका था। लेकिन दोनों बार ही उसका तलाक हुआ। 

दुकान संभालते था आरोपी
महबूब की कॉस्मेटिक की दुकान है। आरोपी आसिफ भी पिता के साथ दुकान पर काम करता था। महबूब के तीन बेटे और तीन बेटी हैं।

किससे बात कर रही थी सायरा
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के वक्त सायरा किससे फोन पर बात कर रही थी। इसके अलावा उसके फोन की जांच भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें