बिनौली। थाना क्षेत्र के खपराना गांव के जंगल में रविवार की रात्रि में ईख के खेतों में छिपे बदमाशों और ग्रामीणों में जमकर फायरिंग हुई। ग्रामीणों ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख बदमाश भाग निकले। इस दौरान ग्रामीणों के सूचना के बाद भी पुलिस के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
रविवार की रात में खपराना गांव के कुछ किसान जंगल में अपने खेतों में फसलों की सिंचाई कर रहे थे। उसी समय ईख के खेतों में कुछ आवाज आई, खेतों में बदमाशों की आशंका जता किसानों ने फोन पर गांव में अन्य लोगों को सूचना दी और आवाज लगाने शुरू कर दी। आवाज सुनकर हथियारबंद बदमाश खेत से बाहर आए और किसानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर किसानों ने भी अपने साथ लाए हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो अपने आपको घिरा देख बदमाश वहां से चकमा देकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। उधर पुलिस ने पूरी तरह से घटना से अनभिज्ञता जताई।