रविवार को दिन दहाडे़ नकाबपोश महिला और पुरुष बदमाश पांडव नगर में घर मेें घुसे और वहां मौजूद मां और बेटी को पीटा। बदमाश मकान से 50 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख रुपये का सामान लूटकर ले गए। घायल बेटी के शोर मचाने पर बदमाश बाइकों पर सवार होकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
पांडव नगर में कृष्णपाल पुत्र दिलावर का मकान है। इसमेें ब्रजपाल पुत्र धर्मवीर निवासी सरूरपुर कला का परिवार रहता है। ब्रजपाल मकान मालिक का भांजा है। रविवार को दिन दहाड़े ब्रजपाल किसी काम से बाजार में गया हुआ था, घर में उसकी पत्नी रेखा और उसकी बेटी मौजूद थी। तभी छह बाइकों पर करीबन एक दर्जन नकाबपोश महिला और पुरुष बदमाश मकान में घुसे।
इन बदमाशों में से महिला बदमाशों ने मां और बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य बदमाशों ने घर की अलमारी में रखी 50 हजार रुपये की नगदी, करीब डेढ़ लाख के सोने-चांदी के जेवरात समेत कीमती सामान लूट लिया। तभी लड़की ने शोर मचाया तो लोग मकान की तरफ दौडे़।
लोगों को मकान की तरफ आता देखकर बदमाश बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर डकैती डालने वाले बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक सफल नहीं हुई। शहर में दिन दहाड़े डकैती की वारदात होने से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है।