लोनी-रटौल मार्ग पर स्थित घिटौरा गांव के मोड़ के पास बदमाशों ने सब्जी व्यापारी को पीटकर ढाई हजार रुपये लूट लिए। इसके अलावा एक कपड़ा व्यापारी से भी लूटपाट की गई।
रटौल निवासी सलाऊदीन रविवार सुबह बाइक पर सवार होकर लोनी में सब्जी लेने के लिए जा रहा था। घिटौरा मोड़ पर स्थित भट्ठे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसको रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर बदमाशों ने उससे मारपीट कर नगदी लूट ली। बाद में बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया, पर वे हाथ नहीं आए।
इसके अलावा रटौल निवासी इकराम साइकिल पर फेरी लगाकर गांवों मे कपड़ा बेचता है। शनिवार शाम करीब तीन बजे कपड़ा बेचकर घर लौट रहा था। रटौल-लोनी मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट कर हजारों रुपये की नगदी और अन्य सामान लूट लिया। घटना की पुलिस से शिकायत की गई है।