बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर गांवड़ी गांव के पास युवा रालोद के पश्चिमी उप्र के उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल की भाभी अमरेश (38) का शव संदिग्ध हालत में मिलने के बाद सनसनी फैल गई। हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस घटना को लेकर सस्पेंस में है।
पुलिस का कहना है कि केस की विवेचना से स्थिति स्पष्ट होगी। उधर, मृतक की बहन ने रालोद नेता पर हत्या कराए जाने का आरोप लगाया है। अमरेश के पति की भी एक माह पहले ही मौत हो गई थी।
बिजवाड़ा गांव की महिला अमरेश की शादी हजूराबाद गढ़ी गांव के रालोद नेता धीरज उज्ज्वल के बड़े भाई जितेंद्र के साथ हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटी है। अमरेश शुक्रवार सुबह हजूराबाद गढ़ी गांव से आदेश नामक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर हरियाणा के खानपुर में अपनी बेटी नेहा के पास जा रही थी। नेहा वहां पर ही पढ़ती है।
आदेश ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वे गांवड़ी गांव के पास पहुंचे तभी बाइक में पंचर हो गया। आदेश अमरेश को वहां पर खड़ी करके बाइक में पंचर लगवाने चला गया। पंचर लगवाकर आदेश जैसे ही वहां पर पहुंचा तो उसे वहां पर अमरेश नहीं मिली। तलाश करने पर वहां से थोड़ी दूरी पर उसका लहूलुहान हालत में शव पड़ा मिला।
उससे करीब 30 मीटर की दूरी पर उसकी चप्पल पड़ी मिली। आदेश की ओर से सिंघावली अहीर थाना पर सड़क हादसे में रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनास्थल पर पहुंचकर अमरेश के एक रिश्तेदार ने जमकर हंगामा किया। उसका कहना है कि अमरेश की सड़क हादसे में मौत नहीं हुई है।
सिर में गंभीर चोट और घुटनों की हड्डी टूटी मिली
सिंघावली अहीर थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अमरेश के सिर में गंभीर चोट लगी हुई है। इसके अलावा घुटनों की हड्डी टूटी मिली। साथ ही घुटनों से ऊपर पैर पर चोट के निशान मिले हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि अमरेश की मौत के संबंध में उनके पास किसी ने शिकायत नहीं की है। आदेश की तहरीर पर सड़क हादसे में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बहन बोली, चिट्ठी में जताई थी हत्या की आशंका
बागपत। गांवड़ी गांव के पास महिला अमरेश की मौत के मामले में उसकी बहन अमरिता ने आरोप लगाया कि अमरेश की उसके देवर रालोद नेता धीरज उज्ज्वल ने हत्या कराई है। आरोप लगाया कि अमरेश और उसकी बेटी नेहा को बंधक बनाकर रखा गया था, नेहा आरोपियों के चंगुल में है। अमरिता ने सीओ बागपत को एक पत्र सौंपा है।
अमरेश, और उसके बच्चे नेहा, वर्षा, गौरव की ओर से यह पत्र लिखे जाने का दावा किया गया है। पत्र में जमीनी विवाद में हत्या कराए जाने की आशंका जताई गई है। आरोप है कि दहशत के कारण वह पत्र किसी अधिकारी को नहीं दे पाए थे। सीओ कर्मवीर सिंह ने एसओ को इस एंगल से भी मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अमरिता का कहना है कि अमरेश की मौत के बाद उनके मोबाइल पर धमकी दी गई।
शुक्रवार रात अमरिता अपने परिवार के लोगों के साथ सीओ बागपत कर्मवीर सिंह से मिली। उसका कहना था कि अमरेश के ससुराल वाले उसकी बेटी नेहा से रंजिश रखते हैं। वह उसे मारने की फिराक में है। अमरेश अपनी बेटी का पक्ष लेती थी। इसलिए उसके ससुराल वाले उसके दुश्मन बन गए थे। एक माह पूर्व अमरेश के ससुरालियों ने अमरेश और उसकी बेटी को मारने का प्लान बनाया।
उन्हें मुजफ्फरनगर के शुक्रताल ले गए। आरोप है कि मृतका के पति ने ही गाड़ी नदी में गिराई थी, लेकिन अमरेश और उसकी बेटी नेहा किसी तरह बच गई थी, जबकि अमरेश के पति जितेंद्र की मौत हो गई थी। शुक्रवार को अमरेश की हत्या कर दी गई और इसको हादसे का रूप दिया जा रहा है। अमरिता का कहना है कि अमरेश के साथ जाने वाला बिजवाड़ा गांव का आदेश रालोद नेता धीरज उज्ज्वल के पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है।
भाभी की मौत में अमरिता के परिवार की साजिश
बागपत। युवा रालोद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष नेता धीरज उज्ज्वल ने कहा कि उनकी भाभी की मौत में बिनौली निवासी अमरिता के परिवार की ही साजिश है। अमृता पर उनके भाई-भाभी के तीन लाख रुपये उधार थे। अमरिता का पति सुधीर बृहस्पतिवार को दिनभर उनके यहां रहा। बार-बार वह इस बात की जानकारी लेना चाह रहा था कि खानपुर में अमरेश के साथ कौन जाएगा।
जानकारी मिली है कि शुक्रवार को भी वह स्कॉर्पियो गाडी में गांव के आसपास ही घूम रहा था। भाई जितेंद्र की 14 जून को हुई मौत के मामले में भी अमरिता के परिवार पर हमें शक है। क्योंकि जितेंद्र गाडी ड्राइव कर रहे थे, लेकिन नहर में जिस वक्त गाड़ी से उनका शव निकाला गया वह कंडक्टर सीट पर थे। अमरिता जे आरोप लगा रही है सब तीन लाख रुपये की देनदारी से बचने के लिए है। धीरज का कहना है कि चिट्ठी की जांच होनी चाहिए। अगर अमरिता का परिवार सच्चा है तो वह अंतिम संस्कार में क्यों शामिल नहीं हुए।
आज आएंगे जयंत चौधरी
बागपत। युवा रालोद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष धीरज उज्ज्वल ने बताया कि शनिवार को दोपहर 11 बजे उनके आवास पर रालोद महासचिव जयंत चौधरी के आने का कार्यक्रम है। उनकी भाभी अमरेश की मौत पर होने वाली शोक सभा में जयंत चौधरी आ रहे हैं।