बड़ौत। सिरसली गांव में रालोद नेता के भाई भूपेंद्र की हत्या के सात दिन बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं बिनौली थाने में इस हत्या के मामले में पूछताछ के लिए ककड़ीपुर से पकड़ा युवक रविवार की रात में पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग निकला। पुलिस उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
27 सितंबर को रालोद नेता के भाई भूपेंद्र की उस समय हत्या की, जब वह अपनी बुलेट मोटर साइकिल से खेत से घर आ रहा था। इस मामले में उसके बड़े भाई जितेंद्र ने एक महिला समेत छह लोगों को नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सात दिन बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई है जबकि उनका परिवार भयभीत हैं।
इस मामले में बिनौली पुलिस फरार आरोपियों की जानकारी के लिए उनके ही नजदीकी एक युवक को ककड़ीपुर से उठाकर लाई थी और अभी उससे पूछताछ कर रही थी कि रविवार की रात में वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस उसी को पकड़ने में जुटी है क्योंकि उससे आरोपियों का पता लग सकता है।
इस संबंध में बिनौली थाना प्रभारी रणबीर यादव ने बताया जो युवक थाने से फरार हुआ है, वह नामजद नहीं था, लेकिन उससे जानकारी मिल सकती है, इसलिए उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।