पिलाना । बागपत-मेरठ मार्ग पर जौनमाना बस स्टैंड के पास सांकल पुट्ठी प्रधान राम मेहर सिंह के बेटे लोकेंद्र और उसके दोस्त से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर 20 हजार रुपये नगद, मोबाइल लूट लिए। घेराबंदी होने पर बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। पुलिस मामले को मारपीट का बता रही है।
युवक लोकेंद्र ने बताया वे बुधवार शाम करीब तीन बजे अपने दोस्त विपिन के साथ 20 हजार रुपये बदलने के लिए अमीनगर सराय बैंक में जा रहे थे। जैसे ही वे जौनमाना बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनको हथियारों के बल पर रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनसे 20 हजार रुपये नगद, मोबाइल और विपिन से करीब 700 रुपये लूटकर ले गए।
उन्होंने शोर मचाया तो मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। पुलिस और लोगों ने मिलकर बदमाशों का पीछा किया। लुटेरों ने खुद को घिरता देखकर मीतली गांव के जंगल में अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने उनकी बाइक को कब्जे में ले लिया। बाद में पीड़ितों ने सिंघावली अहीर थाने में शिकायत की।