बागपत के टीकरी कसबे में एक वर्ष पूर्व देवेंद्र की पीट-पीटकर हत्या, शराब लाने से मना करने पर की थी। पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए आरोपी युवक को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
25 अप्रैल 2015 को देवेंद्र पुत्र इलम सिंह निवासी टीकरी की सूजती मार्ग पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही थी। क्राइम ब्रांच की जांच में चार लोगों के नाम प्रकाश में आए। जिनमें से एक आरोपी बिट्टू पुत्र जगबीर निवासी टीकरी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को टीकरी कसबे से ही गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बिट्टू से पूछताछ के बाद बताया कि बिट्टू, मोनू निवासी टीकरी, बहादुर, अंकित निवासी फतेहपुर 25 अप्रैल 2015 को खेत में बैठ कर शराब पी रहे थे। उनके पास शराब कम पड़ गई तो वहां अचानक अपने खेत में देवेंद्र दिखाई दिया। उन्होंने देवेंद्र से शराब की बोतल लाने को कहा, लेकिन उसने शराब लाने से इंकार कर दिया।
इस पर नशे में धुत चारों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बिट्टू को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तीन आरोपी फरार है।