डौला गांव में बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर कर्मचारी सतेंद्र कुमार को पेड़ से बांधकर शनिवार रात पांच बदमाशों ने 24 बैटरी और अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना से गांव में दहशत है। लोगों ने बदमाशों की गिरफ्तार की मांग की है।
कर्मचारी सतेंद्र कुमार निवासी लधवाड़ी का कहना है कि शनिवार रात वह टावर की छत पर सोया हुआ था। रात करीब ढाई बजे पांच नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर टावर के अंदर घुस आए। दो बदमाश उसे छत से उतारकर लाए और तमंचे दिखाकर उससे टावर के कमरे का दरवाजा खुलवाया।
इसके बाद उसे पेड़ से बांध दिया और कमरे में रखी 24 बड़ी बैटरी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रविवार की सुबह करीब चार बजे पड़ोसी किसान शौकीन वहां पहुंचा और उसे बंधक मुक्त किया। इसके बाद घटना की पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकीदार ने बताया पूर्व में भी दो बार यहां लूट की वारदात हो चुकी है। मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी अशोक कुमार यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जा रही है।