शहर के शनि मंदिर के नजदीक शनिवार देर रात बाइक सवार चार बदमाशों द्वारा तमंचे के बल पर पशु व्यापारियों से चार भैंसों से भरी बोलेरो गाड़ी को लूट लेने का मामला सामने आया है। सूचना पर पुलिस ने तुरंत लुटेरे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच पीछा कर रही पुलिस के डर से भाग रहे बदमाशों की बोलेरो गाड़ी गांव सांदल खुर्द के पास पलट गई। जिससे एक भैंस भी चोटिल हो गई। बोलेरो पलटने के बाद बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार देर शाम दो आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपी गांव गांव महलाना निवासी अमित व बजाना निवासी सुरेश हैं। पुलिस ने आरोपियों की साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी गुलजार शनिवार रात को मोगा, पंजाब से बोलेरो गाड़ी में चार भैंस लेकर उत्तरप्रदेश जा रहे थे। जब वह शहर के शनि मंदिर के पास पहुंचे तो इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें और बोलेरो गाड़ी चालक को रुकवा लिया।
इसके बाद बदमाशों ने उन्हें नीचे उतार दिया और भैंसों सहित बोलेरो छीनकर फरार हो गए। गुलजार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर ओल्ड चौकी पुलिस ने वीटी कराकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
उधर, पुलिस से बचकर भागने का प्रयास कर रहे बदमाशों द्वारा लूटी गई बोलेरो गांव सांदल खुर्द के नजदीक पलट गई। जिससे एक भैंस बुरी तरह से चोटिल हो गई। बाद में बदमाश गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जिस पर गन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची और सिटी थाना पुलिस को अवगत करवाया। सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भैंस व वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मामले की कार्रवाई करते हुए रविवार देर शाम दो आरोपियों अमित और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।