पुराना कस्बे में अवैध पशु कटान में हिरासत में लिए गए युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पुराना कस्बा के कुरैशियान मोहल्ले में पुलिस की छापामारी में एक मकान में अवैध पशु कटान का खुलासा हुआ। पुलिस ने मकान से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि मुख्य आरोपी भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से मवेशियों का मीट, अवशेष और कटान के उपकरण बरामद किए हैं।
बागपत के पुराना कस्बा में मकान में अवैध पशु कटान चल रहा है। इसका एक बार फिर शनिवार को खुलासा हुआ है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुरैशियान मोहल्ले में हाजी यूनुस के मकान में छापामारी की। इससे भगदड़ मच गई।
उस समय वहां पर मवेशियों का कटान किया जा रहा था। पुलिस ने आठ युवकों को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि पकड़े गए आरोपी साद पुत्र हाजी यूनुस, नवाब और साद पुत्र जमशेद, आसिफ पुत्र अब्बास, तासीम पुत्र इनाम, आरिफ पुत्र अब्दुल गनी, जुनैद पुत्र जमशेद और शहनवाज पुत्र याकूब निवासी मोहल्ला कुरैशियान है।
पुलिस को मकान से तीन कटे हुए कटरों का मीट, अवशेष के अलावा कटान के उपकरण बरामद हुए हैं। एसओ का कहना है मुख्य आरोपी हाजी यूनुस भागने में कामयाब हो गया। आरोपी कटान करने के बाद मीट को बागपत और दूसरे जनपदों में सप्लाई करते थे।
आरोपी यूनुस की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूर्व में पुलिस की छापे मारी में पुराना कस्बा के अलावा अमीनगर सराय, समेत कई स्थानों पर मकानों में पशु कटान पकड़ा जा चुका है। पुलिस कटान पर अंकुश लगा पाने में कामयाब नहीं हो पा रही है।