लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के जेई के द्वारा लाखों रुपये के गबन करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने स्थानांतरण होने के बाद गोलमाल किया है। उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुई है।
लोनिवि के अवर अभियंता मनवीर सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि जेई हरगोविंद सिंह (स्टोर) ने स्थानांतरण होने के बाद खंडीय भंडारण में अनियमितता की है। आरोपी ने 29 जुलाई 20017 को अवैधानिक रूप से 24.04 मैट्रिक टन का इंडेंट कर मैक्स फाल्ट प्राप्त किया।
इसकी कीमत करीब 6,46,554 रुपये है। जबकि आरोपी जेई 22 जुलाई को अपने पद से कार्यमुक्त हो गया था। यह मैक्स फाल्ट न तो अधिशासी अभियंता और न ही अपर अभियंता प्रभारी स्टोर के संज्ञान में है।
जेई ने सरकारी धनराशि का गबन किया है। मनवीर सिंह ने अवगत कराया कि चोपड़ा से बुढेड़ा मार्ग के नवीनीकरण के कार्य के लिए शिकोहपुर गांव के युवक ने ठेका ले रखा है।
आरोपी ने ठेकेदार के दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर दिए हैं।
इस मामले में कोतवाली में आरोपी जेई हरगोविंद के खिलाफ गबन की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।