बागपत के चांदीनगर क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव में 30 वर्षीय विवाहिता का शव मंगलवार शाम कमरे में साड़ी से लटका मिला। पता चलने पर परिजनों ने आस पड़ोस के लोगों को जानकारी दी। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। सभी ने मिलकर आनन-फानन में शव का दाह संस्कार कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी। बताया गया महिला की दीमागी हालत ठीक नहीं थी। उसने आत्महत्या क्यों की, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। परिवार के लोग भी किसी तरह का विवाद होने से इंकार कर रहे हैं। चांदीनगर थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है।
मां - बेटा रहस्यमय ढंग से लापता
बागपत। संतोषपुर गांव की एक महिला अपने सात वर्षीय बेटे के साथ रविवार की रात से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। तलाश करने के बाद भी परिजनों को उनका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार को परिजनों ने पुलिस से मां-बेटे की बरामदगी दर्ज कराने की मांग की है।
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी का चालान किया
बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर बीडीएस की छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से उसको जेल भेज दिया गया है। कोतवाली क्षेत्र की बीडीएस की छात्रा, एक युवक के साथ सोमवार शाम ट्यूशन के लिए बागपत शहर में आ रही थी। वह जैसे ही शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंची, तभी विशेष समुदाय के एक युवक ने उस पर फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। छात्रा के साथ चल रहे युवक ने विरोध किया तो मनचले ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। इससे वहां पर काफी हंगामा हुआ था। लोगों ने मनचले को पकड़कर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया था। मौके पर हंगामा होता देख पुलिस ने समझाबुझाकर लोगों को शांत किया था। कोतवाली पर पीड़ित छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि पकड़े गए आरोपी गुफरान को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसको जेल भेज दिया गया है।