बागपत। काठा गांव के डंपर चालक लियाकत की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल और कपिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस वेस्ट यूपी के अलावा हरियाणा और दिल्ली में दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है।
डंपर चालक लियाकत की 14 मार्च को धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या की। पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मुख्य आरोपी राहुल और कपिल फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। शनिवार को पुलिस और पीएसी ने काठा, बंदपुर, नंगला बहलोलपुर, मवी कलां का जंगल खंगाला। पुलिस टीम ने बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली के अलावा हरियाणा और दिल्ली में संभावित स्थानों पर दबिश दी। सीओ श्वेताभ पांडेय का कहना है कि अभी आरोपी पकड़े नहीं गए हैं।
काठा में ही तीन हत्या कर चुका है राहुल
बागपत। पुलिस अफसरों की माने तो आरोपी राहुल पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चार हत्या के हैं। तीन लोगों की जान तो अपने गांव में ही ले चुका है। चार दिन पहले लियाकत की हत्या की। इससे पहले वर्ष 2013 में युवक चांद और 2012 में टायर पंचर वाले की जान ली थी। इसके अलावा हरियाणा में लूट की घटना को अंजाम दिया।
कोर्ट में सरेंडर कर सकता है राहुल
बागपत। राहुल आगे-आगे तो पुलिस पीछे-पीछे दौड़ रही है। ऐसी स्थिति में राहुल कोर्ट में भी सरेंडर कर सकता है। हालांकि अभी तक उसकी ओर बागपत कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन नहीं डाली गई है।
परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस
बागपत। आरोपी राहुल और कपिल तक पहुंचने के लिए पुलिस उनके परिजनों और दोस्तों को थाने पर लाकर पूछताछ कर रही है। उनके ठिकानों का पता लगा रही है, लेकिन अभी तक पुलिस के सभी प्लान फेल हो रहे हैं।