बागपत। कस्बा अमीनगर सराय के सराफ अंकित वर्मा के मकान में हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को सर्विलांस के आधार पर कुछ अहम क्लू हाथ लगे हैं। इनके सहारे पुलिस लुटेरों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।
सराफ अंकित वर्मा के मकान में सोमवार तड़के बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश परिजनों को बंधक बना मकान से 20 हजार रुपये की नगदी समेत लाखों रुपये के आभूषण और लाइसेंसी पिस्टल लूटकर ले गए थे। सिंघावली अहीर थाने में वारदात की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस अफसर केस के खुलासे के प्रयास में लगे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस को शक है कि घटना को अंजाम देने वाले सराफ अंकित वर्मा से परिचित है।
उनको उनके मकान की पूरी जानकारी है। इसी आधार पर वारदात को अंजाम दिया। उन तक पहुंचने के लिए पुलिस ने गोपनीय रूप से अंकित वर्मा के मकान में आने वाले लोगों का एकत्र तैयार करना शुरू किया। कई लोगों के नंबरों को सर्विलांस पर लिया। इससे पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। एसपी अजय शंकर राय ने कहा केस के संबंध में कई अहम जानकारी मिली है। इसी के आधार पर पुलिस कार्य कर रही है।
सिविल ड्रेस में कस्बे में घूम रही पुलिस
अमीनगर सराय। लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस हर हथकंडे अपना रही है। सिविल ड्रेस में पुलिस वाले कस्बे में घूम रहे हैं और जानकारी जुटा रहे हैं।
पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की
अमीनगर सराय। पुलिस ने कई संदिग्धों को अलग-अलग थानों पर लाकर पूछताछ की। जेल में बंद और जमानत पर आए अपराधियों से भी जानकारी की। इतना ही नहीं दूसरे जनपद में पकड़े गए अपराधियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
36 घंटे बाद भी खुलासा न होने पर व्यापारियों में रोष
अमीनगर सराय। कस्बे के व्यापारियों ने केस का जल्द खुलासा करने की मांग की थी, लेकिन केस का 36 घंटे बाद भी खुलासा न होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त हैं। व्यापारी चाहते हैं लूटपाट का जल्द से जल्द खुलासा हो।