खेकड़ा । गोठरा गांव के रेलवे हाल्ट के पास महिला का बुधवार सुबह ट्रैक पर शव मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर उसकी हत्या कर शव को रेलवे लाइन पर फेंकने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की।
खेकड़ा क्षेत्र के गांव घिटौरा निवासी सविता (45) की शादी करीब 22 साल पहले गौतमबुद्धनगर के बिसनौली निवासी युवक के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गोठरा हाल्ट के पास ट्रैक पर शव मिला। मायके वालों ने शव की शिनाख्त सविता के रूप में की। उन्होंने पुलिस से कहा सविता की ट्रेन हादसे में मौत नहीं हुई है। उसकी हत्या की गई है।
आरोप है सविता के पति ने करीब पांच साल पहले दूसरी शादी कर ली थी। सविता ने विरोध किया तो उसके ससुराल वाले मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे। मृतका के पिता फक्कर सिंह ने सविता के आरोपी पति, बेटे, ससुर, सास, ननद के खिलाफ खेकड़ा थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा पोस्टमार्टम से पता चलेगा महिला की मौत कैसे हुई।
उधर, परिजनों ने कहा दो दिन पहले सविता ने फोन कर बताया था कि उसके ससुराल वाले उसकी हत्या करना चाहते हैं। जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।