बागपत-मेरठ हाईवे पर बालैनी के ढाबा पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ हाथापाई कर असलाह लूटने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस को दौड़ा दिया। बाद में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया जबकि एक आरोपी पुलिस के हाथ से छूटकर फरार हो गया। आरोपियों के खिलाफ थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला और पुरुष श्रद्धालु शुक्रवार शाम चकबंदी देवता पर पूजा अर्चना करके ट्रक में सवार होकर लौट रहे थे। बालैनी के एक ढाबा पर पहुंचने के बाद वे चाय-पानी पीने लगे। इसी दौरान कार में सवार होकर आए तीन-चार लोगों ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। ढाबे के कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी पुलिस से ही हाथापाई करने लगे। उनके असलाह तक छीनने का प्रयास किया। बाद में उन्होंने पुलिस को दौड़ा दिया। इसकी जानकारी बालैनी थाने को दी गई। बाद में भारी पुलिस बल वहां पर पहुंची। इससे वहां पर भगदड़ मच गई।
पुलिस ने तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजीव शर्मा का कहना है कि पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़ा गया एक आरोपी बालैनी और दूसरा हबीबपुर गांव का है। उनके साथियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सहेली ने करा दिया अपहरण
बागपत। कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी मेें नौवीं की छात्रा का उसकी ही सहेली ने घर से बहाने से बुलाकर अपहरण करा दिया। पीड़ित परिजनों ने कोतवाली पर शिकायत की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि अभी छात्रा का पता नहीं चला है।
कस्बा निवासी व्यक्ति ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे उसकी बेटी की सहेली घर पर आई और पत्नी को थोड़ी देर के लिए बोलकर बेटी को अपने साथ ले गई। कहा कि कुछ जरूरी कार्य के लिए लेकर जा रही है। उसके बाद बेटी घर पर नहीं आई।
इंतजार करने के बाद उसकी पत्नी बेटी की सहेली के घर पर गई। उस समय वहां पर न बेटी मिली और न ही उसकी सहेली। तीसरी बार में उसकी सहेली घर पर मिली। उसने बेटी के बारे में जानकारी की तो सहीं जबाव नहीं दिया। पुलिस बुलाने के लिए बोला तो उसने पूरी जानकारी दे दी थी।
उसने बताया कि उसकी लड़की को मुजफ्फनगर के तितावी थाना के एक गांव के युवक अपने साथ लेकर गए है। वह तो उनके पास उसको छोड़ आई थी। पता चलने पर उनको काफी तलाश किया गया। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। घटना की कस्बा चौकी पर शिकायत की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सिंधू का कहना है कि लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है।