बागपत के बड़ौत में छपरौली चुंगी पर शुक्रवार की रात में एक युवक पर कार में सवार चार युवकों ने गोलियां चलाई। इससे वह बाल-बाल बच गया। गोली चलने की आवाज के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोपी कार सवार युवक भाग निकले। पीड़ित ने एक को नामजद कर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरिफ पुत्र इमामुद्दीन किदवई नगर का रहने वाला है। वह शुक्रवार की रात में अपने घर से छपरौली चुंगी पर कुछ सामान लेने आ रहा था, तभी एक कार में चार युवक आए और उन्होंने आरिफ को निशाना बनाकर गोली चलाई। किसी तरह वह बाल-बाल बच गया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग उधर दौड़े। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार युवकों को तलाश किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। इस संबंध में आरिफ ने एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
डोलबंदी को लेकर दो पक्ष भिड़े
दोघट। बामनौली गांव के जंगल में डोलबंदी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बामनौली गांव में जून 2016 में चकबंदी प्रक्रिया पूरी हो गई थी। कुछ चकों में डोलबंदी कराकर पुलिस और चकबंदी अधिकारी चले गए थे, लेकिन गांव में उसी समय से चकों पर कब्जे को लेकर किसानों में विवाद चला आ रहा था। शनिवार को राजकुमार व दूसरे पक्ष के मांगेराम अपने खेत में काम कर रहे थे। दोनों पक्षों में डोलबंदी को लेकर कहासुनी हो गई और जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे और झगड़ रहे राजकुमार और दूसरे पक्ष के मांगेराम एवं संजीव को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने तीनों को शांति भंग की धाराओं में जेल भेज दिया है।