गाधी गांव में सट्टा लगाकर कबूतर उड़ाए जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने 16 लोगों को 31 कबूतर, नगदी, नौ बाइक के साथ गिरफ्तार किया । इनकी हिमायत में कोतवाली में लोगों का जमावड़ा लगा है।
गाधी गांव में सट्टा लगाकर कबूतर उतारने की पुलिस को पिछले कई दिन से शिकायत मिल रही थी। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सिंधू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार सुबह गांव में छापा मारा। इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने गाधी गांव में सट्टा लगाकर कबूतर उड़ाने के मामले में शाम तक 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें कंडेरा गांव निवासी बलराम पुत्र मुन्ना, बबलू पुत्र वेदपाल, अनेश पुत्र महेंद्र, नरेश पुत्र धीर सिंह, प्रदीप पुत्र कबूल सिंह, हिसावदा निवासी रोहित पुत्र रामफल, मुकेश पुत्र गुरूवचन, गाधी निवासी दीपक पुत्र सुरेश चंद, सिंघावली अहीर निवासी नौशेर पुत्र जफरूद्दीन, हिलवाड़ी निवासी मोहम्मद पुत्र मकसूद, रविंद्र पुत्र पूरण चंद, बसी निवासी जसवीर पुत्र इकबाल, मेरठ के बाखर निवासी राजीव पुत्र वीरेंद्र, मुजफ्फरनगर के मोहम्मदपुर राय सिंह निवासी रामदीया पुत्र रतन पाल, राकेश शामिल हैं।
इनके पास से 9450 रुपये नगद, 10 मोबाइल, नौ बाइक और 31 कबूतर बरामद हुए हैं। जबकि आनंद पाल, हरेंद्र उर्फ हैंडल, राजेंद्र मिस्त्री, मिंतर पाल, संदीप, नौशाद, इकबाल, बलजीत, सन्नी समेत कई लोग भागने में कामयाब हो गए। एसएसआई ने कहा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई होगी।
दूसरी तरफ पकड़े गए आरोपियों ने कहा गांव में कबूतर उड़ाने की प्रतियोगिता की जा रही है। सट्टा लगाकर कबूतर उड़ाने का आरोप गलत है। आरोपियों के बचाव में पूरे दिन पुलिस अफसरों के पास फोन आते रहे। कोतवाली पर देर शाम तक लोगों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद 31 कबूतरों को वन विभाग को दे दिए गए हैं।