फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही से बस पलटी, छात्र की मौत

Thu, 15 Oct 2015 01:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, अग्रवाल मंडी टटीरी-बागपत
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ रोड पर सड़क के गड्ढों से असंतुलित होकर क्रिस्तु ज्योति कान्वेंट हाईस्कूल की बस पलट गई। हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल बच्चों समेत 25 छात्र घायल हो गए। उन्हें सीएचसी भर्ती कराया, जहां से गंभीर घायल बच्चों को रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


बुधवार की सुबह करीब 6.30 बजे क्रिस्तु ज्योति कान्वेंट हाईस्कूल की बस ग्राम बली, मेवला, निबाली एवं अन्य गांवों के बच्चों को लेकर बागपत की ओर आ रही थी। बच्चों के मुताबिक बस को चालक की बजाय बस का हेल्पर चला रहा था।

करीब 6.45 जैसे ही बस मेरठ रोड पर अग्रवाल मंडी टटीरी से आगे बागपत की ओर स्थित एक पब्लिक स्कूल के समीप पहुंची, तो तेज गति और सड़क के गड्ढों से बस का संतुलन बिगड़ गया।
विज्ञापन


गड्ढों के समीप ही शुगर मिल की मैली सड़क पर पड़ी हुई थी, जिससे बस असंतुलित होकर फिसलती चली गई और एक शीशम के पेड़ से टकराकर सड़क के बीचोंबीच तेज धमाके के साथ पलट गई। इससे ग्राम मेवला निवासी पवन फौजी के 12 वर्षीय पुत्र कक्षा छह के छात्र आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय कक्षा सात की अनुष्का, 10 वर्षीय प्रियांशु, 5 वर्षीय भूदेव गंभीर रूप से घायल हो गई।

 इसके अलावा बली, मेवला एवं निवाली के आशवीन, शुभम, यश पंवार, हर्ष पंवार, अनुश, दनेश, सृष्टि, मोनिका, शरद, प्रियांशु, कार्तिक समेत 25 बच्चे घायल हो गए।

बस के सड़क पर पलटते ही बच्चों में कोहराम मच गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तुरंत बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला और इलाज के लिए बागपत एवं अग्रवाल मंडी टटीरी ले गए। सूचना पर बच्चों के परिजन भी आए। तीन गंभीर घायल बच्चों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।  

हादसे से गुस्साए लोगों ने जाम लगाया ः हादसे में छात्र की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।  लोग बस मालिक, आरोपी चालक और हेल्पर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब सवा तीन घंटे बाद एडीएम मालपाणी और एसपी रविशंकर छवि ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस संबंध में मृतक छात्र के पिता पवन फौजी ने बस मालिक मनोज शर्मा के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।

अंधेरगर्दी : चालक नहीं हेल्पर चला रहा था बस
मेरठ रोड पर बुधवार की सुबह करीब 6.45 बजे स्कूल बस पलटने की घटना सड़क के गड्ढों, सड़क पर फैली शुगर मिल की मैली और बस चालक की लापरवाही के चलते हुई। बस को चालक की बजाय हेल्पर चला रहा था। बच्चों के आपबीती सुनाने पर लोगों का आक्रोश भड़क गया।

लोगों ने घटना के बाद ही बागपत-मेरठ रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बस नहीं हटाने दी। सूचना मिलते ही पशुधन विभाग के सलाहकार चौधरी साहब सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने चौधरी साहब सिंह को खूब खरी खोटी सुनाई।

एसडीएम राकेश कुमार सिंह, सीओ एनपी सिंह, तहसीलदार अशोक चौधरी के समझाने पर भी लोग नहीं माने। इसके बाद, एसपी आरएस छवि तथा एडीएम राकेश कुमार मालपाणी मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें