बालैनी। थाना क्षेत्र के बुढसैनी गांव में शुक्रवार की रात में घेर में गई एक महिला पर तेंदुआ ने हमला बोल दिया। शनिवार की सुबह भी दो और महिलाओं को घेर की छत पर तेंदुआ घूमता दिखाई दिया। जिसे देख एक बेहोश हो गई और एक ने शोर मचा दिया। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। शोर सुनकर तेंदुआ ईंख के खेत में जा छुपा।
बालैनी और दोघट क्षेत्र में तेंदुआ का आतंक है। शुक्रवार की रात में बुढसैनी गांव में तीन महिलाओं को तेंदुआ दिखाई दिया। गांव निवासी राधिका पत्नी सुरेंद्र सिंह शुक्रवार की रात में अपने घेर में कार्य करने के लिए गई थी। उसी दौरान अचानक तेंदुआ ने उस पर हमला बोल दिया। तेंदुआ को देखते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों को देखकर तेंदुआ ईख के खेतों में जा छीपा। काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
शनिवार की सुबह कविता पत्नी सुरेंद्र और मंजू पत्नी उमेश अपने घेर में कार्य करने पहुंची तो छत पर तेंदुआ उन्हें घूमता दिखा। तेंदुआ को देखकर मंजू तो मौके पर ही बेहोश हो गई, लेकिन कविता ने शोर मचाया। तेंदुआ जंगल की ओर से भाग निकला। मौके सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। हथियार लेकर जंगल में कांबिंग करनी शुरू कर दी। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची कर्मचारी ने तेंदुआ के पंजे के निशान देखे। पुष्टी कर कहा पंजों के निशान से तेंदुआ ही है।
बाहरी बस्ती में अलर्ट घोषित
ग्रामीणों ने बताया कि महिला पर जब से तेंदुआ ने हमला किया है तभी से लोग खेतों में भी नहीं जा पा रहे है। ग्रामीण भयभीत है। गांव के बाहर रहने वाले लोगों को अलर्ट घोषित कर दिया गया है।