दो माह से फोन पर परेशान कर रहे मनचले ने महिला को शादी करने के नाम पर शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर बुलाया। वहां पर महिला अपने परिजनों के साथ पहुंची। महिला ने उसकी चप्पलों से जमकर धुनाई की। पुलिस आरोपी को कोतवाली लेकर पहुंची। वहां आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। वहां भी महिला ने उसकी पिटाई की।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की विशेष समुदाय की महिला का कहना है कि वह दो माह पूर्व गौरीपुर मोड़ से मैजिक गाड़ी में सवार होकर मुजफ्फरनगर अपने मायके में जा रही थी। उसी समय मैजिक में बैठे दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने समय देखने के बहाने से उसका मोबाइल लिया और धोखे से अपने मोबाइल पर उसके मोबाइल से मिस कॉल कर दी थी।
दो दिन बाद से ही आरोपी उसके पास फोन करने लगा था। उसको कॉल न करने के लिए कहां, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोपी उससे अश्लील बातें करता था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था।
आरोपी ने कहा शनिवार को एक शादी समारोह में जाना है, उसके साथ चलना। साथ ही उसके साथ ही शादी कर लेना। उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोपी के कहने के अनुसार शनिवार को दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे स्थित शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंची।
वहां पर पहले से आरोपी खड़ा था। इसी दौरान महिला ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसकी चप्पलों से जमकर धुनाई की। शोर शराबा होने पर आई पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने कहा रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
तीन बच्चों का पिता है आरोपी
महिला से फोन पर बातें करने का आरोपी व्यक्ति नौरोजपुर गुर्जर गांव का है। उसके तीन बच्चे हैं जो काफी बड़े हो रहे हैं।
मनचले ने हाथ जोड़ माफी मांगी, महिला ने जड़े चांटे ः कोतवाली पहुंचते ही आरोपी मंजनू महिला के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। महिला ने पुलिस के सामने ही उसको चांटे जड़ दिए।
समझौते का किया जा रहा प्रयास
इस मामले में महिला आरोपी मंजनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न कराए। आरोपी के परिवार के लोग समझौते के प्रयास में लगे हैं, लेकिन महिला उनकी बात मानने को देर रात तक तैयार नहीं हुई।
पंचायत में आरोपी को पांच जूते मारे
बड़ौत। गांव की एक महिला के साथ तीन दिन पूर्व एक युवक ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की। शोर मचाने पर लोग इकट्ठे हो गए थे। उनको देख आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया था।
परिजन पुलिस से शिकायत करने को तैयार हो गए। गांव के जिम्मेदार लोगों ने उनको पुलिस से शिकायत नहीं करने दी। बाद में इस मामले में पंचायत हुई। उसमें दो पक्षों को बुलाया गया। आरोपी युवक को पंचायत में पांच जूते मारे गए। इससे पहले भी पंचायत इस तरह के फरमान सुना चुकी है। उधर, बड़ौत कोतवाल मुकेश कुमार का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।