जिवाना गांव में रविवार की रात में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक महिला को बंधक बनाकर जान से मारने का प्रयास किया। सूचना पर जब उसके मायके से लोग वहां पहुंचे तो उनके साथ भी उन्होंने लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। घायलों को पुलिस ने सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया। इस मामले में महिला के पिता ने दो महिला समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
धनौरा सिल्वर नगर की पूजा पुत्री बिजेंद्र की शादी दो वर्ष पूर्व रमाला थाने के जिवाना गंाव में गौरव पूत्र महक सिंह के साथ हुई। शादी के छह माह बाद से ही दहेज कम लाने को लेकर उसके ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे थे और आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगे थे। हाल में वे पूजा से अपने मायके से कार लेकर आने की मांग करने लगे, लेकिन पूजा ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसको लेकर पूजा के साथ आए दिन मारपीट करने लगे।
रविवार की देर शाम ससुराल वालों ने पूजा को घर में बंधक बनाकर घोर यातनाएं दी और जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उसने फोन से अपने पिता को इसकी सूचना दी। सूचना पर रविवार की रात में उसके पिता बिजेंद्र, भाई सचिन राणा और चाचा अजेंद्र राणा कुछ लोगों के साथ गांव पहुंचे और वे पूजा को लेकर चलने लगे। इस पर उन्होंने पूजा के घरवालों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
ससुराल वालों ने उसके पिता बिजेंद्र और भाई सचिन और चाचा अजेंद्र को मारपीट कर घायल कर दिया और बंधक बना लिया। इसकी सूचना रमाला पुलिस को दी गई। रात में ही रमाला पुलिस गांव पहुंची। पुलिस को देख हमलावर उन्हें छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और पूजा के पिता बिजेंद्र की तहरीर पर पूजा के पति गौरव, ससुर महक सिंह, ननद अनुज, दीपक, सौमे, शेरू और जितेंद्र को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई।