बड़का में बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर आक्रोश जताते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षण संस्थाओं में मंगलवार को आयोजित शिक्षकों की बैठकों में खिंदौडा प्राइमरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यपाल शर्मा की हत्या पर आक्रोश जताया। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर कार्य करने का निर्णय लिया और हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर जनपद के स्कूलों में तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
ग्रोवेल गर्ल्स स्कूल के डायरेक्टर विश्वास चौधरी, प्रधानाचार्य कमलदीप जिंदल, वनस्थली पब्लिक स्कूल की प्रबंध कार्यकारिणी के हर्षित जैन, आशीष जैन, सेंट आरवी कान्वेंट के डायरेक्टर अनुराग जैन, माउंट लिटरा स्कूल की प्रबंध कार्यकारिणी के अनुज जैन, दून पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर प्रशांत कुमार नेे खिंदौडा प्राइमरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यपाल शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की कठोर निंदा की।
बड़का गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुई बैठक में शिक्षक नेता हारूण अली मनव्वर ने कहा प्रधानाध्यापक सत्यपाल शर्मा की हत्या से शिक्षकों मेें आक्रोश है। मृतक शिक्षक को श्रद्धांजलि दी गई। निर्णय लिया यदि पुलिस शीघ्र हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई तो जनपद के शिक्षक एकजुट होकर स्कूलों की तालाबंदी कर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।