बागपत। जिला कारागार के गटर से पुलिस ने मुन्ना बजरंगी की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर लिया है। इस पर लिखे कई अंकों को मिटाने का प्रयास किया गया है। इसके विदेशी होने का अनुमान है। पिस्टल 7.62 एमएम का है। पिस्टल के अंदर मिली मैगजीन से पांच कारतूस मिले हैं। जिला कारागार से 22 कारतूस मिले हैं।
एसपी जयप्रकाश ने बताया कि पिस्टल के बरामद कारतूसों पर 7.62 25 एसबी लिखा है। इसके अलावा पिस्टल पर 7.62 एमएम लिखा है। नाल की लंबाई छह अंगुल, चैंबर की लंबाई तीन अंगुल है। बट की लंबाई छह अंगुल, पिस्टल के बट पर दोनों तरफ लकड़ी है। बैरल की नाल पर एलएलएएमए ईपेशियल लिखा है। बरामद मैगजीन की पेंदी पर 1206 लिखा है। माना जा रहा है कि यह विदेशी पिस्टल हो सकता है। इसके कई अंकों को मिटाने का प्रयास किया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है कि यह पिस्टल जेल तक कैसे पहुंचा। जबकि पुलिस अधिकारी सोमवार को .32 बोर की पिस्टल बता रही थी।