खेकड़ा (बागपत)।
खेकड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने खेकड़ा कोतवाली में पड़ोसी युवक पर पुत्री को बहला फुसला भगाकर ले जाने का आरोप लगाकर पुत्री को बरामद कराने की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने प्रेमी युगल को बरामद कर लिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति शनिवार की सुबह खेकड़ा कोतवाली में परिजनों के साथ पहुंचा। जहां उसने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके पड़ोस का ही एक युवक उसकी पुत्री को बहला फुसला भगा कर ले गया। तलाश करने पर कोई सुराग नहीं लग सका। उसने पुलिस से पुत्री को बरामद कराने की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर लेने के बाद प्रेमी युगल की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दोपहर के समय प्रेमी युगल को क्षेत्र से बरामद कर लिया और कोतवाली ले आई। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी युगल के परिजनों को सूचना देकर कोतवाली में बुलवाया। साथ ही दोनों पक्षों के कुछ लोग भी कोतवाली में पहुंचे। गणमान्य लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं। साथ ही पुलिस प्रेमी युगल से पूछताछ करने में जुटी रही। कोतवाली के एसएसआई रमेश सिद्धू ने बताया कि परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने प्रेमी युगल को बरामद कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।