बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली से शामली जा रही एक पैसेंजर ट्रेन के महिला कोच में रविवार की सुबह कुछ मनचले सवार हो गए और उन्होंने कोच मेें बैठी युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। इसे लेकर कोच में सवार अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची तो मनचले वहां से भाग निकले, उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके।
रविवार को सुबह के समय शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 74021 जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन पर रुकी तो महिला कोच में कई मनचले घुस गए। महिलाओं ने उन्हें निकालने का प्रयास किया तो उन्होंने कोच में सवार युवतियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इसका महिलाओं ने विरोध कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही जीआरपी के एसएसआई सत्यवीर सिंह के नेतृत्व मेें पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो मनचले वहां से भाग निकले और सामने स्थित आजादनगर कॉलोनी में घुस गए। पुलिस टीम ने उन्हें ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। महिला यात्रियों ने कहा आए दिन कोच मेें पुरुष यात्रियों के घुसने से परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है। अधिकांश समय कोच से पुलिस कर्मी गायब रहते हैं, यदि पुलिस बस कोच में मौजूद रहे तो मनचले कोच में घुस नहीं सकते हैं। दूसरी तरफ जीआरपी के एसएसआई सत्यवीर सिंह ने कहा ट्रेन के महिला कोच मेें जीआरपी पुलिस कर्मी तैनात किए जाते हैं। कोच में कौन पुलिस कर्मी तैनात है, इस संबंध में पता लगाया जा रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है।