बड़ौत (बागपत)।
छपरौली से आ रही एक मिनी बस में मलकपुर गांव के पास बस में सवार एक युवक ने एक युवती से छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने शोर मचा दिया। इस पर यात्रियों ने उसकी धुनाई की और इसकी सूचना पुलिस को देने की बात कहीं तो युवक बहन कहकर माफी मांगने लगा। इस पर बस में सवार अन्य यात्रियों ने चेतावनी देकर आरोपी युवक को बस से उतारकर छोड़ दिया।
रविवार को छपरौली कस्बे की एक युवती अपनी मां के साथ राखी बांधने के लिए एक मिनी बस मेें बड़ौत अपने मामा के घर आ रही थी। सिनौली गांव से एक युवक बस में चढ़ा। मलकपुर गांव के पास भीड़ होने की वजह से युवती के नजदीक जा पहुंचा और धीरे-धीरे युवती के साथ उसने छेड़खानी शुरू कर दी। पहले से युवती ने नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवक ने युवती को जोर से स्पर्श करना शुरू कर दिया तो युवती ने शोर मचा दिया और युवक के गाल पर एक तमाचा जड़ दिया। इस पर यात्रियों ने युवक को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई शुरू कर दी। लोगों ने पुलिस बुलाने की बात कहीं तो युवक रोने लगा और बहन कहकर माफी मांगने लगा। बाद मेें यात्रियों को रहम आ गया और युवक को बस से नीचे उतार दिया और भविष्य मेें ऐसा न करने की चेतावनी दी।