गंगनहर में शव की तलाश में गोताखोर लगाए
छपरौली। लूंब गांव के सुधीर हत्याकांड में आरोपी रामवीर उर्फ रामू को नौ घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। उसे साथ लेकर नानू गंगनहर पुल से भोला झाल की ओर जाने वाले रास्ते पर शव की तलाश कराई, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लग सकी। शव को तलाश करने के लिए गंगनहर में गोताखोर भी लगाए गए हैं।
थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी रामवीर निवासी गुराना का नौ घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर सुधीर हत्याकांड में पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर नानू गंगनहर पुल से भोला झाल की ओर जाने वाले रास्ते पर शव डालने की जगह को देखा। गंगनहर व आसपास के जंगल में कांबिंग कर शव की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने रिमांड समाप्त होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को तलाश करने के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।