बड़ौत (बागपत)। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को गुराना रोड पर चेकिंग अभियान चला रही विद्युत निगम की टीम से लोगों की नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंचे एसडीओ और जेई ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में चेकिंग अभियान चलाकर दर्जनों बकाएदार लोगों के कनेक्शन काटे और कई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
बुधवार को एक्सईएन द्वितीय वीरेंद्र सिंह के निर्देश पर विद्युत निगम की टीम गुराना रोड पर चेकिंग अभियान चला रही है। सूचना पर काफी लोग एकत्र हो गए और अभियान का विरोध किया। लोगों ने कहा निगम द्वारा उन्हें त्रुटि पूर्ण विद्युत बिल भेजे जा रहे हैं, जिस कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हंगामे की सूचना पर एसडीओ चैन सिंह, सुरेंद्र तोमर और अवर अभियंता नरेंद्र प्रताप मौके पर पहुंचे और किसी तरह उपभोक्ताओं को शांत कराया। बाद में चेकिंग अभियान चलाकर 15 बडे़ बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही दो लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।