बागपत। खेकड़ा सीएचसी में बच्चा पैदा होने पर मिठाई और कोल्ड ड्रिंक नहीं खिलाने पर दो चचेरे भाइयों के साथ दो पुलिस वालों ने गाली-गलौज कर मारपीट की। पीड़ितों ने परिजनों के साथ एसपी दफ्तर में पहुंचकर एएसपी से शिकायत की।
हसनपुर मसूरी निवासी संजय ने बताया खेकड़ा सीएचसी में उसकी भाभी पूजा को सोमवार की रात में बेटा पैदा हुआ । परिवार के सदस्य अस्पताल में थे। वह मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अपने तहेरे भाई कपिल के साथ चाय लेकर अस्पताल जा रहा था। अस्पताल के पास ही अलाव जलाकर बैठे दो पुलिस वालों ने उनको रोका। पहले उनसे जानकारी ली। फिर आरोपी पुलिस वाले उनसे कोल्ड ड्रिंक पिलाने और मिठाई खिलाने के लिए बोलने लगे, उनको रुपये न होने की बात कही । इसी बात पर आरोपी पुलिस वालों ने उनके साथ गाली-गलौज और जातिसूचक शब्द कहे। उनकी लात घुसों से पिटाई की। पीड़ितों ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। बाद में पीड़ित अपने परिजनों के साथ एसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एएसपी से शिकायत की । एएसपी अजय कुमार सिंह ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।