रंछाड के ग्रामीणों ने दिया दो दिन का अल्टीमेटम
बिनौली। दादरी गांव में रंछाड़ के युवक की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को रंछाड गांव में राहुल की तेरहवीं पर ग्रामीणों ने पंचायत की। पंचायत में परिजनों ने दादरी के लोगाें पर राहुल को घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करती है तो एसपी का घिराव कर आंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि तीन दिन पूर्व दादरी गांव में रंछाड के राहुल उर्फ टिक्का की पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में दादरी के मन्नू पुत्र साहब सिंह ने बिनौली थाने पर मृतक पर बुरी नीयत से घर में घुसने और जान से मारने की नीयत से फायर झोंकने का आरोप लगाया था। दूसरी ओर मृतक के ताऊ राजकुमार ने भी बिनौली थाने पर दादरी गांव के तीन युवकों पर राहुल को घर से बुलाकर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी थी। लेकिन थाना पुलिस द्वारा अब तक रिपोर्ट दर्ज न करने पर राहुल के परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश है। राहुल की तेरहवीं पर रंछाड़ गांव में उसके आवास पर ग्रामीणों ने पंचायत आयोजित की। पंचायत में परिजनों ने दादरी के युवकों पर राहुल को घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप जड़ा तथा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये और दादरी वालों से सांठगांठ करने का भी आरोप लगाया। पंचायत में वक्ताओं ने सर्वसम्मति से दो दिन का अल्टीमेटम दिया।
पंचायत में मास्टर महक सिंह, पूर्व प्रधान समरपाल सिंह, प्रधान देवेंद्र सिंह, सुधीर तोमर, रविन्द्र हट्टी, जबर सिंह, मास्टर पवन सिंह, सतपाल सिंह, मनीराम, रामबीर, मांगे राम, राजबीर, जयबीर, जगबीर सिंह, वीरेंद्र, कृष्णपाल, नरेंद्र, हरेन्द्र, परवेन्द्र, योगेंद्र, पुष्पेंद्र आदि मौजूद रहे।