बड़ौत (बागपत)।
बावली गांव के एक लाख के इनामी रहे बदमाश अजित उर्फ हप्पू का चार दिन का रिमांड समाप्त हो चुका है। रविवार की रात में पुलिस ने हप्पू की निशानदेही पर 9 एमएम और 32 बोर के पिस्टल उसके घर से बरामद किए। उसे पूछताछ के बाद अहम सुराग हाथ लगे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गोपनीय रखे है।
अजित उर्फ हप्पू को पिछले दिनों पुलिस राजस्थान से गिरफ्तार कर लाई और न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेजा। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से चार दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड लिया । सोमवार की शाम पांच बजे रिमांड की अवधि समाप्त हो गई। पुलिस ने रविवार की रात्रि में निशानदेही से हप्पू के घर बावली से घटनाओं मेें प्रयुक्त 9 एमएम और 32 बोर की पिस्टल बरामद की है। उसके पास और भी हथियार होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में काफी सुराग हाथ लगे हैं लेकिन पुलिस उन्हें गोपनीय रखे है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि हप्पू से दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी।