बड़ौत (बागपत)।
कोताना गांव में बकायादारों के विद्युत कनेक्शन काटने गई विद्युत निगम की टीम को दबंगों ने दौड़ा लिया। इस दौरान टीम में शामिल कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई और संविदा लाइनमैन की धुनाई कर दी। जबकि, अन्य कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी दबंग उलझ गए। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मामला शांत किया। पीड़ित लाइनमैन ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
नगर व क्षेत्र में विद्युत चेकिंग, बकायादारों के कनेक्शन काटने व कैंप लगाकर वसूली करने के दौरान ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता, गाली-गलौच रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को एक मामला कोताना गांव मेें हुआ। विद्युत निगम की टीम एक बड़े बकायादार के यहां कनेक्शन काटने गई, तो दबंग लोग टीम से उलझ गए। उन्होंने कर्मचारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और संविदा लाइनमैन आकिब उर्फ आरिफ के साथ मारपीट की। जबकि, अन्य कर्मचारियों ने भागकर जान बचायी। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी लोग उलझ गए। बाद में पुलिस ने सख्ती से मामला शांत किया।
इस संबंध मेें पीड़ित संविदा लाइनमैन आकिब ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एसई रामबीर सिंह का कहना है कि कर्मचारियों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर वे चिंतित है। ऐसे कर्मचारी काम नहीं कर पाएंगे। इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग मांगा जा रहा है। विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गयी है। पुलिस पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ऐसी अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।