प्रेम विवाह करने वाली लड़की का कराया मेडिकल
बागपत। घर से भागकर प्रेम विवाह करने वाली युवती को मेडिकल के लिए पुलिस कड़ी सुरक्षा में जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां पर उसका मेडिकल हुआ। उसने अपने परिजनों से जान का खतरा बताया।
अग्रवाल मंडी टटीरी की युवती बृहस्पतिवार को अपने घर से बिना बताए चली गई थी। शनिवार को एक युवक के साथ एसपी दफ्तर में पहुंची। युवती ने कहा वह बालिग है, उसने अपनी मर्जी से इस युवक के साथ प्रेम विवाह किया। दूसरी तरफ युवती के परिजनों ने बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाकर युवक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाली में पहुंचने के बाद युवती और उसके परिजनों में कहासुनी भी हुई। उसने उनके साथ जान से इंकार कर दिया था। उसने पुलिस अफसरों से अपनी जान का परिजनों से खतरा बताया। इसको लेकर पुलिस सतर्क है। सोमवार को पुलिस उसको कड़ी सुरक्षा में जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां उसका मेडिकल कराया। टटीरी चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने कहा युवती का मेडिकल हो गया है। अब उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।