दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल का एटीएम कार्ड बदलकर युवक ने उसके खाते से तीन बार 65 हजार रुपये की नगदी निकाल ली। कांस्टेबल को इसकी जानकारी उस समय मिली जब उसके मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया।
बड़ौत निवासी सुनील पुत्र प्रकाश पट्टी मेहर दिल्ली पुलिस में कांस्टेबिल हैं। उनका बड़ौत के पीएनबी में खाता है। सुनील ने दो दिन पहले बड़ौली रोड स्थित इंडोकैश एटीएम से पैसे निकाले तो वहां एक युवक खड़ा था।
युवक ने उनसे एटीएम कार्ड लेकर कहा कि लाओ मैं तुम्हारे पैसे निकलवा दूंगा। इसी दौरान उसने एटीएम बदल दिया। शुक्रवार को सुनील के मोबाइल पर उसके खाते से तीन बार में 65 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। सुनील ने बैंक पहुंचकर एटीएम कार्ड बंद कराया। बाद में वह कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामकुमार व शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा के साथ कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।
नगर में एटीएम कार्ड बदल कर बैंक से पैसा निकालने की आए दिन घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस इस गिरोह को पकड़ पाने में विफल हो रही है। इस पर एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने आश्वासन दिया कि गिरोह को पकडने के लिए जाल बिछाएंगे ।