बड़ौत (बागपत)। रालोद नेता और पेट्रोल पंप मालिक के बिजरौल रोड पेट्रोल पंप पर बाइक सवार तीन बदमाशों के अंधाधुंध फायरिंग के मामले में मेरठ मेें जेल मेें बंद अजित हप्पू और एटा में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही सहित तीन नामजद कर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से रालोद नेता को सुरक्षागार्ड मुहैया करा दिया है।
बुधवार की रात्रि में रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल के बिजरौल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार तीन बदमाश आए। वहां उनका गार्ड और दो सेल्समैन थे। बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी तो गार्ड और सेल्समैन ने भागकर जान बचाई। बदमाश पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ कर भाग गए। सूचना पर एसपी जयप्रकाश, एएसपी आशीष श्रीवास्तव, सीओ रमानन्द कुशवाहा मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। रालोद नेता धीरज उज्ज्वल ने अजित उर्फ हप्पू बावली, अमित पंडित सिनौली और एसटीएफ में रहे और हाल मेें एटा मेें तैनात यूपी पुलिस के सिपाही विपिन मलिक सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने धीरज उज्ज्वल को सशस्त्र सुरक्षागार्ड भी मुहैया कराया है।
सिपाही ने हमले की चेतावनी दी थी
धीरज उज्ज्वल ने बताया 15 मार्च को उनके बिजरौल स्थित पेट्रोल पंप पर पांच लाख की रंगदारी का पत्र डाला था, इसमें अजित हप्पू का नाम लिखा था, इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सात मई को उनके पास एसटीएफ के सिपाही रहे विपिन मलिक ने कहा था कि इस मामले को सुलझा लो, वरना कातिलाना हमला भी हो सकता है। इससे लगता है कि विपिन मलिक को इस घटनाक्रम की जानकारी है।
आधुनिक हथियार भी हो सकते हैं
पुलिस को घटना स्थल पर 315 बोर और 9 एमएम के खोखे पड़े मिले हैं। इसे लगता है कि बदमाश आधुनिक हथियार भी लिए हुए थे। सीओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस की टीम बनाई गई है।