बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में टूटी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से खच्चर की मौत हो गई। बुग्गी पर सवार तीन युवकों की किसी तरह जान बची। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ हंगामा किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
नौरोजपुर गुर्जर निवासी रोशन के दो बेटे पीके और अरूण के अलावा विकास, भट्ठे पर ईंट भराई का कार्य करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह घर से भट्ठे पर जा रहे थे। रास्ते में हाईटेंशन लाइन टूटी पड़ी थी। इसकी चपेट में खच्चर आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस कारण बुग्गी पलटने से बच गई। उस पर सवार तीनों युवक करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरे। जो लाइन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। ग्रामीणों ने कहा हाईटेंशन लाइन जर्जर हो रही है। कई बार टूट चुकी है। इसकी विद्युत निगम के अफसरों से शिकायत की, लेकिन लाइन नहीं बदली गई। उन्होंने हंगामा कर पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की। इस मौके पर सुरेंद्र, महेंद्र, राज सिंह, हरपाल मौजूद रहे। उधर विद्युत निगम के एक्सईएन राजवीर सिंह ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।