बड़ौत (बागपत)। राजस्व वसूली का लक्ष्य व बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम की टीम ने 50 हजार से अधिक बकायादारों के खिलाफ छापेमारी की। कई जगह नोकझोंक भी हुई। हालांकि टीम ने अभियान जारी रखा और बकाया जमा न करने पर 20 मीटर भी उखाड़ डाले।
शुक्रवार को एसडीओ रितेशवर बंधु व जेई नरेन्द्र प्रताप के नेतृत्व में छपरौली कस्बे में ताबडतोड़ छापेमारी की । इस दौरान कई जगह उपभोक्ताओं ने टीम का विरोध किया और उनके साथ नोकझोंक करते हुए उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओ ने पुलिस के साथ सख्ती से अभियान जारी रखा और विरोध कर रहे लोगों को हटाते हुए 13 लाख रुपये की बकाया धनराशि होने पर 20 मीटर उखाड़ते हुए बकायादारों के खिलाफ छपरौली थाने पर तहरीर दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया बिल जमा नहीं किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी और तहसील से आरसी जारी करायी जाएगी। टीम मेें अवर अभियंता दीपक कुमार, जेई कमलेश कुमार, जेई नरेन्द्र प्रताप, कपिल तोमर, आतिफ व दर्जनों संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।